झाबुआ

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने किया 145.71 लाख रुपये की लागत वाली मोकमपुरा तालाब योजना का भूमिपूजन

{संवाददाता: अमन सिंह}  झाबुआ ब्रेकिंग न्यूज़

तालाब निर्माण से 120 हेक्टेयर क्षेत्र में मिलेगी सिंचाई सुविधा, ग्राम मोकमपुरा के 163 जनजातीय कृषक होंगे लाभान्वित

किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता – मंत्री सुश्री भूरिया

झाबुआ, 17 अक्टूबर 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को जिले के विकासखंड रामा अंतर्गत मोकमपुरा तालाब योजना का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। जल संसाधन विभाग द्वारा 145.71 लाख रुपये की निविदा लागत से निर्मित होने वाली इस तालाब योजना से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी तथा कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण एवं कृषि क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मोकमपुरा तालाब योजना के निर्माण से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। इससे किसान बेहतर ढंग से फसल उत्पादन कर सकेंगे तथा उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।

मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि जल संरक्षण एवं सिंचाई संसाधनों का विकास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि जनजातीय अंचलों के किसानों को भी आधुनिक कृषि एवं सिंचाई सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ मिले। उन्होंने किसानों से उपलब्ध जल संसाधनों का समुचित उपयोग करने तथा जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

मोकमपुरा तालाब योजना से 163 जनजातीय कृषकों को मिलेगा लाभ

जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मोकमपुरा तालाब योजना की निविदा लागत 145.71 लाख रुपये है। योजना की सिंचाई क्षमता 120 हेक्टेयर तथा जीवित जल संग्रहण क्षमता 0.60 मिलियन घनमीटर निर्धारित है। तालाब निर्माण से ग्राम मोकमपुरा के 163 जनजातीय कृषकों को सिंचाई सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। योजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा किसानों की सिंचाई संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता मिलेगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में जनपद प्रतिनिधि श्री अजमेर सिंह, ग्राम पंचायत मोकमपुरा के सरपंच श्री कांतिलाल मुनिया, जनपद सदस्य श्रीमती रंजा बाई, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री विपिन पाटीदार, अनुविभागीय अधिकारी श्री आदित्य ताम्रकार सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button