


{संवाददाता: अमन सिंह} झाबुआ ब्रेकिंग न्यूज़
फैक्ट्रियों से निकल रहे केमिकल युक्त पानी को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने SDM को सौंपा ज्ञापन, दो दिन में समाधान नहीं तो अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
मेघनगर, झाबुआ। मेघनगर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों से निकलने वाले केमिकल युक्त एवं बदबूदार पानी को लेकर ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। इस गंभीर समस्या को लेकर जिला युवा कांग्रेस झाबुआ के अध्यक्ष नटवर डोडियार ने मेघनगर SDM को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकल युक्त और बदबूदार पानी ग्राम अंतरवेलिया स्थित गारिया नाले में छोड़ा जा रहा है। इसके कारण आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है और लोगों का वहां रहना तक मुश्किल हो रहा है। यह पानी ग्राम अंतरवेलिया, पीपलिया पाड़ा, जायदड़ा, सुलामहुड़ा और नेगड़िया होते हुए अनास नदी में मिल रहा है।
युवा कांग्रेस ने आशंका जताई कि इस दूषित पानी से ग्रामीणों, पशु-पक्षियों और जलीय जीव-जंतुओं के स्वास्थ्य एवं जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि केमिकल युक्त पानी का बहाव तत्काल बंद कराया जाए और समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
दो दिन का अल्टीमेटम, फिर अनिश्चितकालीन धरना
जिला युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो प्रभावित ग्रामीणों के साथ ग्राम अंतरवेलिया में अनिश्चितकालीन धरना देकर रोड जाम किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि औद्योगिक क्षेत्र से निकल रहे इस कथित केमिकल युक्त पानी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों को इस समस्या से कब तक राहत मिलती है।




