साइकिलों पर निकला स्वच्छता का संदेश, अनास घाट पर चला महासफाई अभियान

कलेक्टर ने दिलाया सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त झाबुआ का संकल्प, अधिकारियों से लेकर विद्यार्थियों तक ने किया श्रमदान
झाबुआ, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती पर सेवा संकल्प अभियान के तहत झाबुआ में स्वच्छता साइकिल रैली एवं वृहद सफाई अभियान आयोजित किया गया। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त झाबुआ का संकल्प दिलाया। कलेक्टर व एसपी देवेंद्र पाटीदार की मौजूदगी में निकली रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रंगपुरा अनास नदी घाट पहुंची।
इसके बाद अधिकारियों, पुलिस, होमगार्ड, विद्यार्थियों और सफाई कर्मियों ने सामूहिक श्रमदान कर अनास घाट व आसपास की सफाई की। कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होती है और इसे स्थायी बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। एसपी ने भी उपस्थितजनों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया।
