त्योहारों के मद्देनजर झकनावदा में खाद्य सुरक्षा एवं नापतौल विभाग की संयुक्त कार्रवाई*
*पांच खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए नमूने, नापतौल संबंधी अनियमितताओं पर दो दुकानदारों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज*



{संवाददाता: अमन सिंह} झाबुआ ब्रेकिंग न्यूज़
झाबुआ, 22 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार आगामी त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम एवं उपभोक्ताओं के हितों के संरक्षण के लिए जिले में निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन एवं नापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने झकनावदा स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हेतु भव्य ट्रेडर्स से हल्दी पाउडर, चाय एवं टोस्ट, अमूल डेयरी एवं किराना से पनीर एवं घी तथा विश्वास किराना से टोस्ट एवं घी के नमूने लिए गए। इसके अतिरिक्त प्रदीप ट्रेडर्स से सोयाबीन तेल एवं अरिहंत किराना से मैगी के नमूने लिए गए।
संयुक्त कार्रवाई के अंतर्गत नापतौल विभाग द्वारा प्रदीप ट्रेडर्स एवं अरिहंत किराना का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पैकेटबंद वस्तुओं पर अनिवार्य मानक घोषणाएं अंकित नहीं होने तथा असत्यापित तौल उपकरण पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग द्वारा निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
संयुक्त कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नापतौल निरीक्षक एवं नापतौल सहायक शामिल रहे।



