Uncategorized

झाबुआ पुलिस का बड़ा एक्शन! ‘ऑपरेशन हेलो’ से 106 गुम मोबाइल बरामद, 17 लाख की कीमत के फोन पाकर खिले चेहरे; सालभर में 95 लाख के 591 मोबाइल लौटाए

{संवाददाता: अमन सिंह}  झाबुआ ब्रेकिंग न्यूज़

किसी ने किस्तों पर तो किसी ने मजदूरी की कमाई से खरीदा था मोबाइल, गुजरात और राजस्थान तक पहुंचकर साइबर टीम ने खोज निकाले गुम फोन

झाबुआ | 29 अक्टूबर 2026

झाबुआ पुलिस ने गुम मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हेलो’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। जिला साइबर टीम और जिले के समस्त थाना पुलिस के संयुक्त प्रयासों से विभिन्न कंपनियों के 106 गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये है। पुलिस ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक आवेदकों को वापस सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर किसी के चेहरे पर खुशी लौटी, तो किसी को अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने से बड़ी राहत मिली।

उल्लेखनीय है कि झाबुआ पुलिस ने वर्ष 2026 में 1 जनवरी से अब तक कुल 591 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 95 लाख रुपये है, बरामद कर आवेदकों को लौटाए हैं। इनमें मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ गुजरात और राजस्थान से ट्रेस किए गए मोबाइल भी शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रहा अभियान

वर्तमान समय में मोबाइल फोन आमजन के जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। मोबाइल गुम होने से लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन में जिला साइबर टीम द्वारा ‘ऑपरेशन हेलो’ अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है।

इस अभियान के अंतर्गत जिला साइबर टीम एवं जिले के समस्त थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के माध्यम से विभिन्न कंपनियों के 106 गुम मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों में Apple, Vivo, OPPO, Realme, Samsung, Tecno, Infinix एवं OnePlus सहित कई कंपनियों के फोन शामिल हैं।

बरामद मोबाइलों में अधिकतम लगभग 65,000 रुपये कीमत का Apple iPhone 15 सीरीज का मोबाइल तथा न्यूनतम लगभग 5,000 रुपये कीमत का OPPO A38 मोबाइल शामिल है। इनमें Apple के 3, Vivo के 41 और OPPO के 32 मोबाइल हैं, जबकि शेष मोबाइल अन्य कंपनियों के हैं।

किस्तों पर खरीदा मोबाइल वापस मिला, तो छलक उठीं खुशी

गुम मोबाइल वापस मिलने पर आवेदकों ने झाबुआ पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। आवेदिका शारदा पति विशाल वसुनिया, निवासी मेघनगर ने भावुक होकर बताया कि उन्होंने मोबाइल किस्तों पर खरीदा था। करीब दो माह पूर्व मेघनगर हाट में उनका मोबाइल गुम हो गया था। मोबाइल गुम होने के बाद भी उन्हें अपनी आर्थिक और बैंकिंग संबंधी जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए उसकी किस्तें चुकानी पड़ रही थीं।

मोबाइल गुम होने से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा था। पुलिस के प्रयासों से जब उनका मोबाइल वापस मिला, तो उन्हें बड़ी राहत मिली।

मजदूरी की कमाई से खरीदा था फोन, वापस पाकर खिले चेहरे

आवेदक अनिल पिता गेंदालाल देवड़ा, निवासी नाचनखेड़ा, राणापुर ने बताया कि उन्होंने मजदूरी करके अपनी मेहनत की कमाई से मोबाइल खरीदा था। मोबाइल गुम होने से उन्हें काफी नुकसान हुआ, लेकिन झाबुआ पुलिस द्वारा मोबाइल वापस दिलाए जाने से उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मोबाइल मिलने के बाद उन्होंने पुलिस की इस पहल की सराहना की।

इसी तरह मां त्रिपुरा कॉलेज, झाबुआ से डी. फार्मेसी की पढ़ाई कर रहे आवेदक महेश कटारा का मोबाइल करीब सात माह पूर्व थांदला से गुम हो गया था। मोबाइल किस्तों पर खरीदा गया था। फोन गुम होने से उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। मोबाइल वापस मिलने पर उन्होंने भी राहत महसूस की।

गुजरात और राजस्थान तक पहुंची साइबर टीम

‘ऑपरेशन हेलो’ की विशेष उपलब्धि यह रही कि गुम हुए कई मोबाइल फोन मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ-साथ गुजरात एवं राजस्थान से भी ट्रेस कर बरामद किए गए। यह कार्रवाई झाबुआ पुलिस की तकनीकी दक्षता, सतत प्रयासों और आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है।

झाबुआ पुलिस आमजन की संपत्ति की सुरक्षा एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से ‘ऑपरेशन हेलो’ के तहत गुम मोबाइल फोन की तलाश के प्रयास लगातार जारी हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनके मोबाइल वापस दिलाकर राहत प्रदान की जा सके।

आमजन के लिए महत्वपूर्ण सूचना

गुम मोबाइल फोन की शिकायत नागरिक स्वयं CEIR पोर्टल के माध्यम से दर्ज कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिले के सभी थानों में भी गुम मोबाइल संबंधी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर पुलिस मोबाइल ट्रेस कर संबंधित आवेदकों को वापस दिलाने का प्रयास करती है।

झाबुआ पुलिस की अपील है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल निकटतम थाने अथवा साइबर सेल से संपर्क करें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे मोबाइल की शीघ्र खोज एवं बरामदगी में मदद मिल सके।

साइबर एडवाइजरी: ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए रहें सतर्क

झाबुआ पुलिस ने नागरिकों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने की अपील की है।

1. टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब के नाम पर ठगी से बचें: साइबर ठग टेलीग्राम के माध्यम से पार्ट टाइम जॉब और टास्क पूरा करने के नाम पर लोगों से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर रहे हैं। ऐसे ऑफर से सावधान रहें।

2. व्हाट्सएप पर आई APK फाइल डाउनलोड न करें: यदि किसी व्हाट्सएप ग्रुप में अनजान APK फाइल आती है, तो उसे डाउनलोड न करें। ऐसी फाइल के माध्यम से मोबाइल में मैलवेयर प्रवेश कर सकता है, जिससे मोबाइल हैक होने और बैंकिंग एप्लिकेशन के जरिए खाते से पैसे निकालने का खतरा रहता है। व्हाट्सएप का ऑटो-डाउनलोड विकल्प बंद रखें।

3. डिजिटल अरेस्ट स्कैम से रहें सावधान: साइबर अपराधी वीडियो कॉल के जरिए लोगों को डराकर और धमकाकर ठगी करते हैं। जांच एजेंसियों के नाम से आने वाली ऐसी कॉल से घबराकर ऑनलाइन पैसे न भेजें।

4. AI वॉइस स्कैम से बचें: ठग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का उपयोग कर परिवार के सदस्य या परिचित की आवाज की नकल कर सकते हैं और आपात स्थिति का बहाना बनाकर पैसों की मांग कर सकते हैं। ऐसे कॉल पर तुरंत भरोसा न करें और संबंधित व्यक्ति से किसी दूसरे विश्वसनीय माध्यम से संपर्क कर पुष्टि करें।

5. बच्चों की गिरफ्तारी का डर दिखाकर होने वाली ठगी से बचें: साइबर अपराधी दूसरे शहरों में पढ़ाई कर रहे बच्चों को किसी अपराध में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की बात कहकर उनके परिजनों से पैसे ऐंठने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी कॉल आने पर घबराएं नहीं और पहले संबंधित जानकारी की पुष्टि करें।

6. बैंकिंग जानकारी किसी को न दें: किसी अनजान व्यक्ति को यूजर आईडी, पासवर्ड, ATM कार्ड नंबर, PIN, CVV या OTP न बताएं। बैंक फोन पर ऐसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगते।

7. सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखें: अपनी प्रोफाइल पिक्चर और निजी जानकारी की गोपनीयता संबंधी सेटिंग्स सुरक्षित रखें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें।

8. अनजान ऐप को अनावश्यक परमिशन न दें: किसी भी अनजान ऐप को मोबाइल की गैलरी, कॉन्टैक्ट, SMS और लोकेशन जैसी संवेदनशील सुविधाओं की अनुमति देने से बचें।

9. अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेलिंग से सावधान रहें: फेसबुक और व्हाट्सएप मैसेंजर के माध्यम से युवक-युवतियों के अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और फिरौती मांगने जैसी घटनाओं से सतर्क रहें। किसी के दबाव में आकर पैसे न दें और ऐसी घटना होने पर पुलिस या साइबर सेल से संपर्क करें।

झाबुआ पुलिस का संदेश: गुम मोबाइल की बरामदगी से लेकर साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने तक पुलिस आमजन की सहायता के लिए प्रयासरत है। नागरिक सतर्क रहें, साइबर ठगी से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button